10 साल से इस गंभीर समस्या से जूझ रहे थे अनिल कपूर, बिना सर्जरी के ऐसे दी मात
10/17/2020 9:48:25 AM
मुंबई: वेटरन एक्टर अनिल कपूर अपनी फिटनेस के आगे अपनी बढ़ती उम्र को मात दे रहे हैं। अनिल कपूर के लिए उम्र मात्र एक संख्या भर है। 63 के अनिल कपूर अक्सर अपने वर्कआउट से जुड़े वीडियोज और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं।
भले ही अनिल कपूर कितने भी फिट क्यों ना हो पर वह पिछले 10 सालों एक बीमारी से जूझ रहे थे। अनिल कपूर पैर से संबंधित अकिलिस टेंडन नामक समस्या से जूझ रहे थे। अब उन्होंने बिना सर्जरी के इस समस्या से छुटकारा पा लिया है। इस बात की जानकारी खुद एक्टर ने दी है।
अनिल कपूर ने शुक्रवार को अपने इंस्टाअकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की। इस पोस्ट में उन्होंने अपने अनुभव के बारे में बताया है और उस डॉक्टर का भी जिक्र किया है जिसकी मदद से वह बिना सर्जरी के ठीक हुए।
इस पोस्ट में अनिल कपूर ने लिखा-'मैं पिछले 10 सालों से अकिलिस टेंडन की समस्या से जूझ रहा था। दुनियाभर के डॉक्टर्स ने मुझे ये सलाह दी कि ये ऐसे ठीक नहीं होगा और मुझे सर्जरी करानी पड़ेगी। मगर डॉक्टर मुलर ने मेरा अच्छी तरह से उपचार किया और मुझे गाइड किया। उनकी मदद से बिना कोई सर्जरी कराए मैं ठीक से चलने लगा, फिर दौड़ने लगा और अब स्किपिंग भी आराम से कर ले रहा हूं।'
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनिल कपूर जल्द ही अभिनव बिंद्रा की बायोपिक में नजर आएंगे। इस फिल्म में वह बेटे हर्षवर्धन कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इस फिल्म के अलावा अनिल कपूर करण जौहर की मल्टीस्टारर 'तख्त' में काम करते हुए दिखाई देंगे।