श्रीदेवी की पुण्यतिथि पर अनिल कपूर ने लिखा दिल को छू देने वाला नोट

2/25/2020 6:48:44 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. सोमवार 24 फरवरी को जाने-माने एक्टर अनिल कपूर ने अपनी स्वर्गीय भाभी और एक्ट्रेस श्रीदेवी की दूसरी पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए एक भावनात्मक नोट सोशल मीडिया पर साझा किया। बॉलीवुड की 'चांदनी' को याद करते हुए उनके कई चाहने वालों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रृदांजलि दी। 63 वर्षीय अनिल कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी याद में दिल को छू देने वाला एक नोट साझा किया, जहां उन्होंने अपने चाहने वालों के साथ अधिक समय बिताने की कामना की।    



उन्होंने लिखा, “श्री, 2 साल बीत चुके हैं और हमने आपको हर दिन याद किया है। पुरानी यादों को दिल में संजो के रखना एक भावभीनी अनुभूति है। हम चाहते थे कि काश आपके पास उन लोगों के साथ बिताने के लिए और अधिक समय होता, जिन्हें आप प्यार करते हैं, लेकिन हम आपके साथ बिताये हुए हर पल के लिए आभारी हैं। आप हमारे विचारों और प्रार्थनाओं में हमेशा के लिए हैं।      



इससे पहले, श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर ने भारी मन से सोशल मीडिया पर अपनी स्वर्गीय मां के साथ खुद की बचपन की कुछ ख़ास और अनमोल तस्वीरें साझा की थी। स्वर्गीय श्रीदेवी ने 24 फरवरी, 2018 को दुबई में अंतिम सांसे लीं, जहां वह एक पारिवारिक शादी में शामिल होने गई थीं। 1963 में श्री अम्मा यंगर अय्यपन के रूप में जन्मी श्रीदेवी को 'चांदनी', 'लम्हे', 'मिस्टर इंडिया', 'चालबाज़', 'नगीना', 'सदमा' और 'इंग्लिश-विंग्लिश' जैसी कई ख़ास फिल्मों के लिए जाना जाता है।


पद्मश्री अवॉर्ड से सम्मानित श्रीदेवी को तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में अपने असाधारण प्रदर्शन के लिए भी जाना जाता था। उनकी आखिरी फिल्म 'मॉम' थी, जिसके लिए उन्हें मरणोपरांत सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था।  

Edited By

Vikas Sharma