अनिल कपूर ने पाकिस्तान में आई बाढ़ के लिए दान किए 5 करोड़ रुपए!

9/6/2022 9:07:48 AM

मुंबई:  हमारा पड़ोसी देश पाकिस्तान इस समय कुदरती मार को झेल रहा है। पाकिस्तान इतिहास की सबसे भयंकर बाढ़ से जूझ रहा है। पाकिस्तान का एक तिहाई हिस्सा जलमग्न हो चुका है। बाढ़ से वहां के लोगों के बीच भयावह हालात पैदा हो गए हैं। मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। पाकिस्तान की तमाम बड़ी हस्तियों ने देश की आवाम और बाकी लोगों से मदद की अपील की है।

इसी बीच खबर आ रही है कि बाॅलीवुड एक्टर अनिल कपूर ने बाढ़ पीड़ितों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाया है। अनिल कपूर ने पाकिस्तान में आए बाढ़ के बाद बर्बाद हुए लोगों के लिए 5 करोड़ रुपए का दान दिया है।

सत्य ही सनातन नाम के एक ट्विटर हैंडल पर अनिल कपूर को लेकर ट्वीट किया है। इसमें लिखा है- 'पाकिस्तान में आई बाढ़ के लिए अनिल कपूर ने 5 करोड़ रुपए दान किए। काश! भारत के किसी मंदिर में दे देते तो क्या दिक्कत थी।'

 

 हालांकि इस पर अब तक अनिल कपूर ने कोई कमेंट नहीं किया है। वायरल स्क्रीनशॉट का सच जानने के लिए हमने न्यूज हिंदी की वेबसाइट पर इस खबर को सर्च किया लेकिन हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली।

 

आलिया-रणबीर को लेकर भी उड़ी थी ऐसी अफवाह

इससे पहले आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को लेकर भी एक ऐसी ही खबर सामने आई थी,जिसमें ये कहा गया था कि कपल ने  पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक मदद पहुंचाई है। इस खबर के आने के बाद लोग उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल करने लगे थे।

इसी वजह से आलिया भट्ट ट्विटर पर ट्रेंड करने लगी थीं। ट्रोलर्स आलिया माई फुट के हैशटैग के साथ उनकी लगातार आलोचना कर रहे थे। इसके साथ ही वो रणबीर और आलिया की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ का बायकॉट कर रहे थे। हालांकि ये खबर भी झूठ निकली थी।

बता दें कि पाकिस्तान में बाढ़ और लैंडस्लाइड की वजह से अब तक 1100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 3 करोड़ 30 लाख लोग बेघर हो चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पड़ोसी देश में आई इस प्राकृतिक आपदा पर दुख जताया था।

Content Writer

Smita Sharma