अमिताभ ने विराट-अनुष्का सहित क्रिकेटर्स की बेटियों को लेकर रखी अपनी राय, क्या धोनी की बेटी भी बनेगी कप्तान?

1/14/2021 1:15:12 PM

मुंबई. बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। एक्टर फैंस के साथ तस्वीरें और वीडियोज शेयर करते ही रहते हैं। एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और क्रिकेटर विराट कोहली हाल ही में पैरेंट्स बने हैं। उनके घर नन्ही परी आई है। अमिताभ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर विराट-अनुष्का सहित सभी क्रिकेटर्स की बेटियों को लेकर अपनी राय रखी है।


अमिताभ ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट शेयर की है। उसमें ऐसे 13 क्रिकेटर्स के नाम लिखे हैं जो बेटी के पिता हैं। जिसमें सुरेश रैना, गौतम गंभीर, रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, अजिंक्य रहाणे, रविंद्र जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, ऋद्धिमान साहा, हरभजन सिंह, टी नटराजन, उमेश यादव का नाम लिखा है। अब इसमें विराट कोहली का नाम भी शामिल हो गया है। ये सभी खिलाड़ी बेटी के पिता हैं। इसके साथ अमिताभ ने लिखा- 'भविष्य की महिला क्रिकेट टीम बन रही है'।

पोस्ट के कैप्शन में अमिताभ ने लिखा- 'महेंद्र सिंह धोनी की भी बेटी है। क्या वह कप्तान बनेंगी?' फैंस इस पोस्ट को खूब लाइक कर रहे हैं और कमेंट भी कर रहे हैं।


बता दें विराट और अनुष्का 11 जनवरी को एक बेटी के माता-पिता बने हैं। जिसकी जानकारी विराट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी थी। विराट और अनुष्का ने मीडिया से अपील की है कि वह उनकी बेटी की तस्वीरें न खींचें।

Parminder Kaur