अमिताभ बच्‍चन ने मुंबई में खरीदा एक और आशियाना, बने 31 करोड़ के घर के मालिक, भरी 62 लाख रुपए की स्‍टांप ड्यूटी

5/28/2021 3:05:04 PM

मुंबई: महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर चर्चा में हैं। बि बी हाल ही में एक और घर मालिक बन गए हैं। बिग बी ने मुंबई में 5184 स्‍क्‍वायर फीट की एक प्रॉपर्टी खरीदी है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस प्रॉपर्टी की खरीदी उन्होंने दिसंबर 2020 में कर ली थी लेकिन रजिस्ट्री अप्रैल 2021 में हुई है। उन्होंने 60 हजार रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से इस प्रॉपर्टी की कुल कीमत 31 करोड़ रुपए चुकाई है।

इसके लिए उन्‍होंने 62 लाख रुपए की स्‍टांप ड्यूटी का भुगतान किया है जो कि 31 करोड़ का 2 पर्सेंट है। नई प्रॉपर्टी खरीदते समय महाराष्ट्र सरकार की उस स्क्रीम का फायदा उठाया, जिसके तहत पिछले साल अगस्त से 31 दिसंबर तक स्टाम्प ड्यूटी 5 परसेंट से घटाकर 2 परसेंट कर दी गई थी। 

27वें और 28वें फ्लोर पर है प्रॉपर्टी

खबरों की मानें तो बिग बी ने यह प्रॉपर्टी टियर-2 बिल्डर क्रिस्टल ग्रुप से उनके अटलांटिस प्रोजेक्ट में खरीदी है। 27वें और 28वें फ्लोर पर स्थित इस डुप्लेक्स अपार्टमेंट के साथ बिग बी को 6 कार की पार्किंग मिली है। इसी प्रोजेक्ट में सनी लियोनी ने 16 करोड़ रुपए का घर खरीदा है तो वहीं डायरेक्टर आनंद एल राय ने भी 25.3 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी खरीदी है।

5 घरों के मालिक है बिग बी 

मुंबई में अमिताभ बच्चन के पहले से ही 5 बंगले हैं। करीब 10 हजार वर्गफीट में फैले 'जलसा' में वे परिवार के साथ रहते हैं। दूसरा बंगला 'प्रतीक्षा' है, जहां वे 'जलसा' में शिफ्ट होने से पहले रहते थे। बिग बी सालों तक माता-पिता के साथ  यहीं रहे। अभिषेक और श्वेता का बचपन भी यहीं बीता। तीसरा बंगला 'जनक' है, जहां उनका ऑफिस है जबकि चौथा बंगला वत्स है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह उन्होंने एक बैंक को लीज पर दिया हुआ है। इन सबके अलावा 2013 में भी उन्होंने करीब 60 करोड़ रुपए का बंगला 'जलसा' के ठीक पीछे खरीदा था।
 

Content Writer

Smita Sharma