मेरी आवाज सुन.. एक बार आंख खोली.. फिर चला गया...अमिताभ बच्चन ने दी राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि, बोले- 'वह अब स्वर्ग से मुस्कुराता है'

9/23/2022 9:12:08 AM

मुंबई: कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अब हमारे बीच नहीं रहे। राजू श्रीवास्तव ने 21 सितंबर की सुबह 58 की उम्र में 10.20 पर अंतिम सांस ली। 42 दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद कॉमिडी के बादशाह कहे जाने वाले राजू श्रीवास्तव की विदाई से हर कोई सकते में है।

उनके निधन के बाद से अब तक कई बड़े एक्टर्स और पॉलिटिशियंस उनके निधन पर दुख प्रकट कर चुके थे पर सभी को उनके फेवरेट एक्टर अमिताभ बच्चन के रिएक्शन का इंतजार था। आखिरकार गुरुवार शाम अमिताभ बच्चन ने उन्हें याद किया। अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर बिना नाम लिए राजू श्रीवास्तव को याद किया और उनसे जुड़ी एक खास बात शेयर की। 

गौरतबल है कि राजू अमिताभ बच्चन को अपना भगवान मानते थे। अमिताभ को देखकर ही उन्होंने एक्टर बनने का फैसला किया था और उनकी कॉपी करके ही उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी।

अमिताभ ने राजू के नाम का जिक्र किए बिना अपने ब्लॉग पर लिखा- 'एक और कलीग, फ्रेंड और क्रिएटिव आर्टिस्ट हमें छोड़कर चला गया। अचानक एक बीमारी हुई और वे समय से पहले चले गए .. उनकी रचनात्मकता का समय पूरा होने से पहले ही। प्रत्येक दिन सुबह मैं उनके परिजनों से उनकी जानकारी लेता था। उन्हें सलाह दी गई थी कि उनकी स्थिति को जगाने के लिए एक आवाज भेजें। मैंने वैसा किया भी। उनके घर वालों ने वह आवाज उसी स्थिति में उसके कानों में चलाई भी.. मेरी आवाज सुनकर उसने एक बार अपनी आंख खोली .. और फिर .. चला गया ..। '

अमिताभ ने आगे लिखा- 'उनका सेंस ऑफ टाइमिंग और उनके बोलचाल का हास्य हमारे साथ रहेगा। वो अनोखा, ओपन फ्रैंक और हास्य से भरा हुआ था .. वह अब स्वर्ग से मुस्कुराता है और भगवान की भी प्रसन्नता का कारण होगा।'

लोगों ने जमकर किया ट्रोल

पूरे डेढ़ दिन तक जब अमिताभ बच्चन का राजू श्रीवातस्व के निधनकोई रिएक्शन नहीं आया था तब लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स तो अमिताभ से नाराज होकर उन्हें स्वार्थी बता रहे थे। इसे लेकर एक यूजर ने कमेंट किया था- 'सर आपके प्रति पूरा सम्मान है पर आपने राजू श्रीवास्तव के लिए अभी तक कुछ कहा या लिखा क्यों नहीं? वो आपको अपना भगवान मानते थे।' वहीं एक ने लिखा था- 'राजू आपको अपनी इंस्पिरेशन मानते थे और आप तो ऐसे व्यवहार कर रहे हैं जैसे उनको जानते ही नहीं। वाकई आप बहुत मतलबी हैं।'


बता दें कि 10 अगस्त को कसरत के दौरान राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद से वो वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। बीच-बीच में कुछ उम्मीद जगाने वाली खबरें आती रहती थीं पर अंत में सबको हंसाने वाला रुला गया।

Content Writer

Smita Sharma