अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी की फिल्म ''चेहरे'' का ट्रेलर आउट, दिखाई दी रिया चक्रवर्ती की झलक

3/18/2021 5:17:34 PM

मुंबई. एक्टर अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी की फिल्म 'चेहरे' का ट्रेलर आउट हो गया है। जिसमें रिया चक्रवर्ती की भी झलक देखने को मिल रही है। रिया को ट्रेलर में 2 सेकंड के लिए दिखाया गया है। रिया 'चेहरे' के पोस्टर से गायब नजर आई थी। जिससे फैंस ने कायस लगाए थे कि रिया को फिल्म से निकाल दिया गया है। दरअसल एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर रिया पर कई गंभीर आरोप लगे थे और एक्ट्रेस को जेल में भी रखा गया था।


ट्रेलर में फिल्म की कहानी शुरू से अंत तक काफी सस्पेंस से भरी है। जिसमें बर्फ से ढके पहाड़ के ऊपर एक तेज रफ्तार गाड़ी नजर आ रही है और बैकग्राउंड में अमिताभ का डायलॉग रोंगटे खड़े करने वाले हैं। अमिताभ कहते नजर आ रहे हैं, 'अगर आपमें से किसी ने कोई अपराध या जुर्म किया हो तो बहुत संभल के यहां से गुजरिएगा, क्योंकि ये खेल आपके साथ भी खेला जा सकता है।' अमिताभ के इस डायलॉग में फिल्म की पूरी कहानी नजर आ रही है।


इसके बाद ट्रेलर में बर्फीली पड़ाह के बीच एक घर, न्याय की देवी की प्रतिमा, फांसी का फंदा, फैसला करते हुए जज...ऐसी कई झलकियां हैं, जो फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके बाद शुरू होती है इमरान हाशमी से अमिताभ की पूछताछ की कहानी जो धीरे-धीरे उस सस्पेंस तक लेकर जाती है, जहां से वापस निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। इस ट्रेलर के अंत में रिया चक्रवर्ती नजर आई हैं। रिया से इमरान कहते नजर आ रहे हैं- ये लोग कुछ भी कर सकते हैं, ये क्रेजी हैं। फिल्म का ट्रेलर काफी दमदार है। बता दें फिल्म के पोस्टर से रिया को दूर रखा गया था। ट्रेलर में रिया की झलक देखने के बाद सुशांत फैंस भड़क सकते हैं और फिल्म को बैक करने की मांग कर सकते हैं। अमिताभ और इमरान के अलावा अन्‍नू कपूर, क्रिस्‍टल डिसूजा, धृतिमान चक्रवर्ती, रघुवीर यादव और सिद्धांत कपूर जैसे स्टार्स भी अहम भूमिका में हैं।

Content Writer

Parminder Kaur