आकांक्षा दुबे की मां ने योगी सरकार से लगाई न्याय की गुहार, बेटी के बॉयफ्रेंड समर सिंह के लिए मांगी फांसी की सजा

3/30/2023 10:21:31 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी के एक होटल में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। उनके सुसाइड की खबर ने सबको हैरान कर दिया था। हालांकि, आकांक्षा की मां ने शक जताया था कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। इसी बीच अब एक्ट्रेस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है और उनकी मां ने सरकार से बेटी के बॉयफ्रेंड समर सिंह को फांसी देने की मांग की है।

 

आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं योगी सरकार से यही चाहती हूं कि मेरी बेटी को न्याय दिलाएं। समर सिंह और संजय सिंह को फांसी की सजा होनी चाहिए। वो आत्महत्या नहीं कर सकती। संजय सिंह और समर सिंह ने मिलकर उसे मारा है। पहले भी वो बताती थी कि समर उसे बहुत टॉर्चर करता था। किसी के साथ काम नहीं करने देता था। कहता था खाली मेरे साथ काम करो।' 

 

आकांक्षा के पिता ने भी मीडिया से कहा कि आकांक्षा उनकी बेटी नहीं, बेटा थी। वही परिवार चलाती थी। साथ ही पिता ने आरोप लगाया कि भोजपुरी सिंगर समर सिंह सिर्फ अपने साथ काम करने का दबाव आकांक्षा पर बनाता था। 

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ ये खुलासा

29 मार्च को एक्ट्रेस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई थी। पुलिस ने बताया था कि एक्ट्रेस की मौत फंंदे पर लटकने की वजह से हुई है। उनके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए। हालांकि पुलिस ने भोजपुरी सिंगर और बॉयफ्रेंड समर सिंह का इस मामले में हाथ होने का शक भी जताया।

 

बता दें, आकांक्षा दुबे ने वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सोमेंद्र होटल में फांसी लगाकर अपनी जान ले ली थी। जानकारी के मुताबिक, आकांक्षा होटल के कमरा नंबर 105 में ठहरी थीं। जब सुबह बहुत देर तक वो अपने कमरे से बाहर नहीं आईं, तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने मास्टर चाबी की मदद से कमरे को खोला तो आकांक्षा दुबे का शव को पंखे से लटका मिला था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

 

Content Writer

suman prajapati