असल जिंदगी के ''सिंघम'': अजय देवगन ने फिर बढ़ाया मदद का हाथ, इंडस्ट्री के वर्कर्स को लगवाया कोरोना का टीका

6/13/2021 8:45:51 AM

मुंबई: कोरोना काल में बाॅलीवुड के कई स्टार्स लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। ये स्टार्स आम जनता के साथ बी-टाउन के छोटे कलाकारों की भी मदद कर रहे हैं। दरअसल, महामारी के कारण न केवल लोगों की आजीविका प्रभावित हुई है, इससे दिहाड़ी मजदूरों के लिए चिकित्सा सहायता अनुपलब्ध हो गई है। एक लंबे समय से फिल्म की शूटिंग रुक गई है और सिनेमा हॉल अभी भी बंद हैं।

ऐसे में बॉलीवुड के लोग इन लोगों की मदद भी कर हैं। मदद करने वालों की लिस्ट में एक्टर अजय देवगन का नाम भी शामिल है। अजय देवगन फिल्म से जुड़े लोगों को भीतर और बाहर दोनों तरह से मदद कर रहे हैं। मई के महीने में उन्होंने मध्य मुंबई में बीएमसी को 20-बेड का आईसीयू सुविधा स्थापित करने में मदद दी।

अजय देवगन का एनवाय फाउंडेशन जहां एक तरफ 10 हजार लोगों की खाने की जरूरत पूरी कर रहा है वहीं अब अजय के एनवाई फाउंडेशन ने मुंबई उपनगर में एक वैक्सीन शिविर का आयोजन किया। इस शिवर के तहत इंडस्ट्री से जुड़े वर्कर्स, मीडिया प्रोफेशनल और आम लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस बात की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने सोशल मीडिया पर दी। अजय इससे पहले भी अलग अलग तरीके से लोगों की मदद कर चुके हैं। अजय के इस नेक काम की फैंस काफी तारीफ कर रहे हैं।

काम की बात करें तो अजय आखिरी बार फिल्म तान्हा जी में देखा गया था।ओम राउत निर्देशित इस फिल्म को फैंस के बीच काफी पसंद किया गया था। अजय देवगन जल्द फिल्म मेडे,भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया जैसी फिल्मों में नजर आएंगे। 

 

 

Content Writer

Smita Sharma