अफगानिस्तान-तालिबान युद्धः सहारा करीमी ने पत्र लिखकर दुनिया से मांगी मदद, अनुराग कश्यप ने जताई हमदर्दी

8/16/2021 12:15:20 PM

बॉलीवुड तड़का टीम.  अफगानिस्तान में तालिबानी कब्जे के बाद से वहां काफी भयावह स्थिति बनी हुई है। लोग बिना सामान लिए ही देश छोड़ने को मजबूर हैं। वहां के ज्यादातर प्रांतों पर तालिबान ने अपना कब्जा जमा लिया है। ऐसे संकट के बीच अब अफगान फिल्म निर्देशक सहारा करीमी ने दुनियाभर के फिल्म समुदायों और सिनेमा प्रेमियों के लिए एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने मदद की गुहार लगाई है।  

सहारा करीमी के पत्र को बॉलीवुड मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने  अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया है। इस पत्र में लिखा गया है, ‘मेरा नाम सहारा करीमी है और मैं एक फिल्म निर्देशक हूं और अफगान फिल्म की वर्तमान महानिदेशक हूं, जो 1968 में स्थापित एकमात्र सरकारी स्वामित्व वाली फिल्म कंपनी है। मैं टूटे हुए दिल के साथ ये लिख रही हूं और इस उम्मीद के साथ कि आप मेरे खूबसूरत देश को तालिबान से बचाने में शामिल होंगे। तालिबान ने पिछले कुछ दिनों में कई प्रांतों पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने हमारे लोगों का नरसंहार किया। कई बच्चों का अपहरण कर लिया गया है। एक महिला को उसके कपड़ों के लिए मार डाला गया। उन्होंने हमारे पसंदीदा हास्य कलाकारों में से एक को प्रताड़ित किया और मौत के घाट उतार डाला। उन्होंने एक प्रागैतिहासिक कवि को मार डाला। सरकार से जुड़े लोगों को मार डाला। कुछ लोगों को सार्वजनिक रूप से फांसी पर लटका दिया गया। लाखों परिवारों को विस्थापित कर दिया। काबुल में परिवार शिविरों में रह रहे हैं। दूध के अभाव में बच्चों की मौत हो रही है। यह एक मानवीय संकट है। लेकिन दुनिया खामोश है।' 


View this post on Instagram

A post shared by Anurag Kashyap (@anuragkashyap10)

इस पत्र में उन्होंने आगे लिखा- 'हमें इस चुप्पी की आदत हैं लेकिन हम जानते हैं कि यह सही नहीं है। हम जानते हैं कि हमारे लोगों को छोड़ने का फैसला गलत है। हमें आपकी आवाज की जरूरत है। अगर तालिबान सत्ता संभालता है तो वह सभी कलाओं पर रोक लगा देंगे। वो महिलाओं के अधिकारों का हनन करेंगे। तब सत्ता पर तालिबान काबिज था तो स्कूल जाने वाली लड़कियों की संख्या शून्य थी। लेकिन पिछले कुछ हफ्तों में तालिबान ने कई स्कूलों को तबाह कर दिया है। 20 लाख लड़कियों को स्कूल से निकाल दिया गया है। मैं दुनिया की इस चुप्पी को नहीं समझ पा रही हूं, लेकिन मैं अपने देश के लिए लड़ूंगी लेकिन मैं इसे अकेले नहीं कर सकती। मुझे आपके जैसी सहयोगियों की मदद चाहिए।'

 

सहारा करीमी ने लिखा, 'हमें अफगान महिलाओं, बच्चों, कलाकारों और फिल्म निर्माताओं की ओर से आपके समर्थन और आवाज की जरूरत है। आपकी मदद सबसे बड़ी होगी जिसकी हमें अभी जरूरत है। कृपया हमारी मदद करें दुनिया को अफगानों को छोड़ने न दें। कृपया हमारी मदद करें इससे पहले कि तालिबान सत्ता में आ जाए। हमारे पास बहुत कम वक्त है। शायद कुछ ही दिन हैं।'


निर्देशक सहारा करीमी के इस पत्र पर लोग कापी हमदर्दी जता रहे हैं। वहीं अनुराग कश्यप ने भी इसे शेयर करते हुए हमदर्दी जताई है और लोगों से इसे शेयर करने की अपील भी की है।


 

Content Writer

suman prajapati