फरहान अख्तर की पूर्व पत्नी अधूना की फाइनेंस मैनेजर का मर्डर, बॉडी के किए 3 टुकड़े

5/7/2018 1:46:53 PM

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर की पूर्व पत्नी अधूना अख्तर की फाइनेंस मैनेजर  कीर्ति व्यास नाम की लड़की के मर्डर होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है  कि कीर्ति कई दिनों से लापता थीं जिसके चलते फरहान ने सोशल साइट पर लोगों से कीर्ति के बारे में सूचना देने की अपील की थी।

इस मामले की जांच में जुटी पुलिस ने अब ये जानकारी दी है कि कीर्ति व्यास की हत्या हुई है। वहीं क्राइम ब्रांच ने इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। आरोपी कीर्ति के साथ सैलून में काम करने वाले कर्मचारी ही हैं।

पुलिस के मुताबिक उनमें से एक आरोपी को कीर्ति ने खराब काम करने के चलते नोटिस दिया था जिससे नाराज होकर इस शख्स ने दो और लोगों के साथ मिलकर कीर्ति की हत्या कर दी। पुलिस को इस बात की पुष्टि तब हुई जब जांच के दौरान आरोपियों की कार से मिले खून के धब्बे कीर्ति के परिवार वालों के खून के साथ मैच हुए। खबरों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के नाम सिद्धेश ताम्हणकर और खुशी साजवानी है।

आरोपी सिद्धेश ताम्हणकर बी ब्लंट सैलून में अकाउंट एग्जिक्यूटिव के तौर पर काम कर रहा था और खुशी एकैडमी मैनेजर की पोस्ट पर थी। पुलिस के मुताबिक, सिद्धेश और खुशी रिलेशनशि‍प में हैं। कीर्ति के लापता होने से पहले यानि 16 फरवरी को दोनों आरोपी कार लेकर पहले से ही कीर्ति के घर के बाहर खड़े थे उन्होंने कीर्ति से कहा कि वह भी ऑफिस जा रहे हैं और उसे ड्रॉप कर देंगे।

जानकारी के मुुताबिक जब कीर्ति के लापता होने की जांच शुरू हुई तो आरोपियों ने कहा कि उन्होंने कीर्ति को ग्रांट रोड स्टेशन पर ही ड्रोप कर दिया था, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि कीर्ति वहां पहुंची ही नहीं। इसके बाद आरोपियों पर शक हुआ।

इसके बाद आरोपियों के खि‍लाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों ने कीर्ति का मर्डर कर उसकी लाश के तीन टुकड़े कर दिए और लाश को कहीं ठिकाने लगा दिया है। फिल्हाल पुलिस कीर्ति के शव की तलाश में जुटी है।


 

Punjab Kesari