समुद्र में प्रवाहित की गईं ओम पुरी की अस्थियां

1/16/2017 9:30:05 AM

मुंबई: दिवंगत अभिनेता ओम पुरी की अस्थियां आज यहां वरसोवा इलाके में समुद्र में प्रवाहित की गईं। अपने घर में दिल का दौरा पड़ने से पुरी का निधन बीते छह जनवरी को हुआ। वह 66 साल के थे। पुरी के बेटे ईशान ने अपने पिता की अस्थियां विसर्जित की। ईशान के साथ उनकी मां नंदिता और अभिनेता मनोज पाहवा भी थे।

तीन दशक से भी ज्यादा समय तक पुरी वरसोवा में रहे और परिवार ने उसी इलाके में उनका अंतिम-संस्कार करने का फैसला किया। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित पुरी का अंतिम-संस्कार ओशिवारा शवदाह-गृह में किया गया।

शशि कपूर, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, जावेद अख्तर, शबाना आजमी, इरफान, गुलजार, शक्ति कपूर, प्रकाश झा, सतीश कौशिक, रणवीर शौरी, अभिषेक चौबे, राहुल ढोलकिया, मनोज वाजपेयी, केतन मेहता, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंकज कपूर, रमेश सिप्पी, श्याम बेनेगल, सुधीर मिश्रा और पीयूष मिश्रा जैसी बॉलीवुड हस्तियां पुरी के अंतिम-संस्कार कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।