नहीं रहे आयुष शर्मा के दादा पंडित सुख राम शर्मा,94 की उम्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ली अंतिम सांस

5/11/2022 10:14:58 AM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर आयुष शर्मा के दादा जी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुख राम शर्मा का निधन हो गया है।सुख राम ने 94 की उम्र में अंतिम सांस ली।  

इस दुखद खबर की जानकारी आश्रय शर्मा ने पोस्ट शेयर कर दी। आश्रय शर्मा ने दादा संग अपने बचपन की एक तस्वीर भी शेयर की है।

इसके साथ उन्होंने लिखा- 'अलविदा दादाजी, अभी नहीं बजेगी फोन की घंटी।'

कल दी जाएगी अंतिम विदाई

आश्रय शर्मा ने एक और पोस्ट शेयर कर बताया कि सुख राम शर्मा को कल यानि 12 मई को अंतिम विदाई दी जाएगी। उन्होंने पोस्ट में लिखा-'पंडित सुखराम जी की अंतिम यात्रा..11 मई 2022 को शाम 6 बजे स्वर्गीय सुखराम जी का पार्थिव शरीर मंडी पहुंचेगा। 12 मई 2022 की प्रात: 11.00 बजे अंतिम दर्शनों के लिए  पार्थिव शरीर को सेरी मंच पर रखा जाएगा।' 

आयुष शर्मा के दादा जी सुखराम को चार मई को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था। फिर उनको मंडी (हिमाचल प्रदेश) के एक हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर 7 मई को प्लेन से दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया था। शनिवार हालत नाजुक होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था। 

सुखराम का जन्म 27 जुलाई 1927 को हुआ था। उनके दूसरे पोते आयुष शर्मा एक्टर हैं। उन्होंने सलमान खान की बहन अर्पिता खान से शादी की है।

Content Writer

Smita Sharma