19 की उम्र में दुनिया छोड़ गई ''दंगल'' फेम सुहानी भटनागर के घर फरीदाबाद पहुंचे आमिर खान, एक्ट्रेस के मम्मी-पापा को दी हिम्मत

2/23/2024 11:23:04 AM

मुंबई: फिल्म 'दंगल' में बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वाली सुहानी भटनागर अब हमारे बीच नहीं है। सुहानी भटनागर ने महज 19 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी मौत ने सभी को झिंझोड़ दिया। वहीं जवान बेटी के यूं चले जाने से माता-पिता बुरी तरह टूट गए हैं।  

 

अब उनके परिवार को हिम्मत बंधाने के लिए आमिर खान एक्ट्रेस के फरीदाबाद स्थित घर पहुंचे। उन्होंने सभी से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। आमिर खान  गुरुवार को सुहानी भटनागर के घर पहुंचे।

 

उन्होंने एक्ट्रेस के परिवार वालों से मुलाकात की। उन्हें हिम्मत बंधाई। इस दौरान की एक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें आमिर दिवंगत एक्ट्रेस के माता-पिता के साथ नजर आ रहे हैं। सभी सुहानी के फोटो फ्रेम के पास खड़े हैं। 

जानकारी के मुताबिक, मौत से पहले सुहानी भटनागर का एक्सीडेंट हुआ था। उनका इलाज चल रहा था। कहा जा रहा है कि दवाओं के साइड इफेक्ट्स के कारण उनके शरीर में पानी भर गया था।हालांकि, बाद में परिजनों ने बताया कि वो डर्मेटोमायोसिटिस नाम की बीमारी से पीड़ित थीं। इस बीमारी के कारण सुहानी की इम्युनिटी कमजोर हो गई थी। उन्हें हॉस्पिटल में इंफेक्शन हुआ, फेफड़े कमजोर हुए और लिक्विड जमा होने लगा। उन्हें सांस लेने में मुश्किल हो रही थी और यही कारण था कि उन्हें बचाया नहीं जा सका। 

बता दें कि 'दंगल' फिल्म  साल 2016 में रिलीज हुई थी। इसका डायरेक्शन नितेश तिवारी ने किया था। फिलम में आमिर खान, फातिमा सना शेख, सान्या मल्होत्रा, जायरा वसीम, सुहानी भटनागर, साक्षी तंवर, अपारशक्ति खुराना ने अहम किरदार निभाया।
 

 

 

Content Writer

Smita Sharma