सफलता के बाद भी जमीन से जुड़े रहना सिखाते हैं धोनी: सुशांत

9/28/2016 10:39:39 AM

नई दिल्ली: ‘एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ फिल्म में विश्वकप विजेता कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का किरदार निभा रहे सुशांत सिंह राजपूत ने कहा कि महेन्द्र सिंह धोनी काफी विनम्र और जमीन से जुड़े हुए इंसान है। इसनी सफलता मिलने के बाद भी उनमें किसी तरह का अहंकार नहीं है। 

सुशांत ने यूनीवार्ता से खास बातचीत में धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि इस फिल्म से युवाओं को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। बात चाहे कड़ी मेहनत करने की हो या फिर सफलता पाने की। सफलता मिलने के बाद उसे बरकरार रखना और जमीन से जुड़े रहने की कला लोग इस फिल्म से सीख सकेंगे। पर्दे पर धोनी के किरदार को निभाने वाले इस अभिनेता ने कहा कि फिल्म मेें धोनी के जन्म से लेकर वनडे में क्रिकेट विश्वकप जीतने तक की कहानी है। 

फिल्म की कहानी में धोनी के मैदान में किए गए कारनामों से ज्यादा उनके पीछे की मेहनत की कहानी है कि किस तरह एक लड़का सिर्फ अपने हौसले के बल पर तमाम विपरीत परिस्थितियों में न सिर्फ भारतीय टीम में अपनी जगह बनाता है बल्कि टीम का नेतृत्व भी करता है।  

उन्होंने कहा, "धोनी में नेतृत्व क्षमता भरी हुई है। वह ऐसे ‘लीडर’ हैं जो कम बोलना पसंद करते है और आलोचकों को अपने प्रदर्शन से जवाब देते हैं। टीम के जीतने पर वह सबसे पीछे खड़े रहते है और हारने पर सबसे आगे। एक खिलाड़ी के तौर पर धोनी अपने खेल का मजा लेते है और पिछले समय या भविष्य के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचते हैं।"


सुशांत ने कहा कि इस फिल्म के लिए नीरज पांडे जैसे निर्देशक के साथ काम करना उनके लिए खास रहा। नीरज ने ‘अ वेडनसडे‘, ‘स्पेशल 26’ और ‘बेबी’ जैसी बेहतरीन फिल्में बनाई है और इस फिल्म के साथ उनका नाम जुडऩे से लोग ये भरोसा कर रहे हैं कि ‘एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ भी एक बेहतरीन फिल्म होगी। धोनी के जीवन पर बनी यह फिल्म इस समय काफी चर्चा में है और लोगों को इसका बेसब्री से इंतजार है। फिल्म इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए


Recommended News

Related News