पहले दिन कमाल नहीं दिखा सकी 'नूर', जानें पहले दिन का कलेक्शन

4/22/2017 2:52:39 PM

मुंबईः पाकिस्तानी लेखिका सबा इम्तियाज के उपन्यास ‘कराची यू आर किलिंग मी’ पर आधारित है ‘नूर’। इस फिल्म को सुनील सिप्पी ने डायरेक्ट किया है और इसमें कनन गिल, शिबानी दांडेकर और पूरब कोहली जैसे कलाकार प्रमुख भूमिका में हैं। सोनाक्षी इस फिल्म में पत्रकार की भूमिका में हैं और उनके फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार था। ट्रेलर देखकर लोगों की इस फिल्म से बहुत ही उम्मीदें थीं लेकिन रिलीज होने के बाद इसे कुछ खास रिस्पॉंस नहीं मिल रहा है। समीक्षकों ने भी इस फिल्म को अच्छी रेटिंग नहीं दी है। 

बता दें नूर महिला रिपोर्टरों को केंद्रीय भूमिका में रख कर बनाई गई एक रुटीन बॉलीवुड फिल्म है। इस कड़ी में ‘लक्ष्य’ (प्रीटि जिंटा), ‘नो वन किल्ड जेसिका’ (रानी मुखर्जी), ‘पेज 3’ (कोंकणा सेन) आदि कई फिल्मों के नाम लिए जा सकते हैं। हालांकि ‘नूर’ का प्रस्तुतिकरण अलग है, लेकिन इसमें सोनाक्षी का किरदार ‘पेज 3’ के कोंकणा के किरदार की याद जरूर दिलाता है। कई कमियों के बावजूद यह फिल्म थोड़ा असर छोड़ती है। कई जगहों पर हंसाती है, कई जगह भावुक भी करती है। यह फिल्म सोशल मीडिया की ताकत को बताती है और पत्रकारीय मूल्यों के आदर्श के बारे में भी थोड़ी बात करती है। निर्देशक सनहिल सिप्पी का निर्देशन कई जगहों पर प्रभावित करता है, लेकिन कई जगह पर ऐसा लगता है कि वो हड़बड़ी में हैं और चीजों को बड़े कैजुअल तरीके से निपटा देते हैं। कुछ दृश्यों में मुंबई का चित्रण अच्छा है। कई जगह संवाद भी दिलचस्प हैं, युवाओं को पसंद आने वाले। अंग्रेजी संवाद भी काफी जगह हैं। इस फिल्म का सबसे कमजोर पक्ष है संगीत। एक तो गाने कम हैं और जो हैं, बिल्कुल बेअसर हैं।

कलाकारों का अभिनय अच्छा है। खासकर नूर के दोस्त शाद सहगल के रूप में कानन गिल प्रभावित करते हैं। नूर के बॉस शेखर के रूप में मनीष चौधरी भी असर छोड़ते हैं। पूरब कोहली हमेशा की तरह हैं। सोनाक्षी के पापा के रूप में एम. के. रैना अच्छे लगे हैं और मालती के रूप में स्मिता ताम्बे का अभिनय बढ़िया है। लेकिन यह फिल्म पूरी तरह से सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म है और उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। सोनाक्षी ने बेशक अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाई है। वह इस फिल्म में अपने अभिनय से चौंकाती हैं। नूर के किरदार में कई शेड्स हैं और सोनाक्षी हर शेड में प्रभावित करती हैं। चाहे वह शिकायती मूड में रहने वाली लड़की हो, पार्टी का मजा लेने वाली लड़की हो या चुनौती को स्वीकार करने वाली लड़की हो, हर रंग में सोनाक्षी जंची हैं। कुल मिला कर ‘नूर’ निराश नहीं करती। एक बार देखने में कोई हर्ज नहीं है।

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन वेबसाइट के मुताबिक सोनाक्षी की फिल्म ने अपने पहले दिन 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की। उम्मीद की जा रही है कि शनिवार और रविवार को फिल्म ठीक-ठाक कमाई कर लेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए


Recommended News

Related News