अनुष्का भी थी ‘मुन्ना भाई MBBS’ में, इन 7 सितारों की भी दिखी कुछ ऐसी ही झलक, देखें तस्वीरें

12/13/2016 8:19:06 PM

 

मुंबई- बॉलीवुड में ऐसे कई स्टार्स हैं जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर गेस्ट रोल से की है। इनके रोल भले ही छोटे हों लेकिन छोटे रोल के कारण ही बॉलीवुड में इन्हें नई पहचान मिल पाती है। लेकिन आमतौर पर यह रोल दर्शकों की निगाहों में नहीं आ पाते हैं।

आज हम आपको बॉलीवुड सितारों की फिल्मों के उन किरदार के बारे में बता रहे हैं जो शायद आपकी आँखों से ओझल हो गए हों। सबसे पहले बात करते है अभिनेता अर्जुन कपूर की।

आपको जानकर जरूर हैरानी होगी कि अर्जुन कपूर भी सोनम कपूर की फिल्म ‘नीरजा’ में दिखाई दिए थे। दरअसल इस फिल्म में नीरजा की माँ बनी शबाना आज़मी जब एक फोटो एल्बम देख रही होती हैं तो उसमें अर्जुन और सोनम के बचपन का भी एक फोटो दिखाई पड्ता है। क्या आपका ध्यान गया था इस सीन पर?

अगर आपको लगता है कि राजकुमार हिरानी और अनुष्का की मुलाकात फिल्म ‘पीके’ के दौरान हुई थी तो आप गलत हैं। क्योंकि अनुष्का का पहला बॉलीवुड अपीयरेंस राजकुमार की फिल्म ‘मुन्ना भाई MBBS’ से हुआ था। इस फिल्म में अनुष्का की तस्वीर एक होर्डिंग पर लगी थी, जिसके बारे में आपको शायद ही याद हो।

आमिर खान की पत्नी किरण राव, फरहान अख्तर निर्देशित पहली फिल्म ‘दिल चाहता है’ में यूँ तो फरहान को असिस्ट कर रही थी। लेकिन उस दौरान फरहान ने किरण को एक छोटा सा रोल भी दिया था जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। गोवा में बीच पर फिल्माए गए एक सीन में किरण दिखाई दी थी।

शाहिद की पहली फ़िल्म थी ‘ताल’। इस फ़िल्म में शाहिद श्यामक डावर के डांस ग्रुप का पार्ट थे। वह गीत ‘कहीं आग लगे लग जाए’ में ऐश्वर्या राय के पीछे डांस करने वाली मंडली का हिस्सा थे।

गीता माँ के नाम से पहचानी जाने वाली गीता कपूर यूँ तो आज एक जानी-मानी कोरियोग्राफर हैं। गीता को टीवी शो ‘डांस इंडिया डांस’ ने पहचान दिलाई। लेकिन यह बात कोई नहीं जानता कि गीता फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ में गेस्ट अपीयरेंस दे चुकी हैं। गीता ने इस फिल्म के गाने ‘तुझे याद ना मेरी आई’ पर परफॉर्म किया था।

‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘वेकअप सिड’ जैसी फिल्में बनाने वाले अयान मुख़र्जी ने करण जौहर की फिल्म ‘कभी अलविदा ना कहना’ में ब्लिंक अपीयरेंस दी थी, जो आपको शायद ही याद हो। फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ के पार्टी सीन में जो लड़का रणबीर कपूर के साथ में बैठा था वह खुद अयान ही थे।

नवाज़ को भले आज हम एक बेहतरीन एक्टर के तौर पर जानते हैं। लेकिन उन्होंने भी यहाँ तक पहुंचने के लिए काफी लम्बा संघर्ष किया हैं। नवाजुद्दीन सिद्दीकी कई फिल्मों में स्पेशल अपीयरेंस या सपोर्टिंग रोल में नजर आए हैं। अगर आपको याद हो नवाज़, आमिर खान की 1999 में आई फिल्म ‘सरफरोश’ में एक छोटे से रोल में दिखाई दिए थे, और आज नवाजुद्दीन का नाम हर किसी की जुबान पर है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए


Recommended News

Related News